ग्रामीण स्वास्थ्य को मिली नई संजीवनी, इकबालपुर में शुरू हुआ लाइफ केयर हॉस्पिटल...
रुड़की।
झबरेड़ा क्षेत्र के इकबालपुर गांव में शुक्रवार को ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया। वरिष्ठ समाजसेवी आदिल फरीदी के प्रयासों से स्थापित लाइफ केयर हॉस्पिटल का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को अब सस्ती, सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने ही इलाके में उपलब्ध हो सकेगी।
अब तक झबरेड़ा और आसपास के गांवों के मरीजों को गंभीर इलाज के लिए रुड़की, हरिद्वार या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। दूरी, समय और आर्थिक परेशानियों के चलते कई बार मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता था। इसी समस्या को देखते हुए आदिल फरीदी ने पहले स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से सेवा कार्य शुरू किया और बाद में स्थायी समाधान के रूप में अस्पताल की स्थापना का निर्णय लिया।
लाइफ केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाटी एवं पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और पत्रकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदिल फरीदी ने कहा कि अस्पताल खोलने का उद्देश्य व्यवसाय नहीं बल्कि सेवा है। उन्होंने बताया कि यहां गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को न्यूनतम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं, जांच सुविधाएं, ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित गणमान्य लोगों ने इस पहल को क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताया। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें इलाज के लिए शहरों की भटकन नहीं करनी पड़ेगी और समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0