उत्तराखण्ड में फिल्म उद्योग को मिलेगा नया प्रोत्साहन, सीएम धामी से मिले बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार
देहरादून। उत्तराखण्ड की खूबसूरत वादियां बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं को लगातार आकर्षित कर रही हैं। इसी क्रम में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की फिल्म नीति, फिल्म निर्माण की बढ़ती संभावनाओं और उत्तराखण्ड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।
अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। उनकी मौजूदगी से एक बार फिर उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण चर्चा में है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माताओं की पसंद बनता जा रहा है। प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से उत्तराखण्ड की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के माध्यम से फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को आकर्षित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकें। फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में वृद्धि होने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड में फिल्म उद्योग के विकास के लिए फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में फिल्म निर्माण की बढ़ती गतिविधियां उत्तराखण्ड को मनोरंजन उद्योग के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0