21 साल की उम्र में थम गई आशु की जिंदगी, बाइक राइडर की दर्दनाक मौत से गांव में मातम

Aug 28, 2026 - 18:03
 0
21 साल की उम्र में थम गई आशु की जिंदगी, बाइक राइडर की दर्दनाक मौत से गांव में मातम

रुड़की। बाइक राइडिंग के शौक और सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले ग्राम भौंरी के डेरा निवासी 21 वर्षीय आशु पुत्र मेहरबान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जैसे ही आशु की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बाइक राइडिंग के साथ-साथ अपने पिता मेहरबान की कॉस्मेटिक की दुकान में हाथ बंटाने वाला आशु ग्राहकों के साथ खुशमिजाज और मिलनसार स्वभाव के लिए भी जाना जाता था। ऐसे में उसकी अचानक मौत की खबर ने परिवार, दोस्तों और उसके सोशल मीडिया फैंस को अंदर तक झकझोर कर रख दिया।

दोस्तों के साथ देहरादून गया था आशु, लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, आशु गुरुवार को किसी काम से अपने दोस्तों के साथ देहरादून गया था। शुक्रवार सुबह वह अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद आनन-फानन में आशु को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 बाइक राइडिंग का था जुनून, सोशल मीडिया पर थे हजारों फैन

आशु को बाइक राइडिंग का खासा शौक था। वह राइडर के तौर पर सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय था। सोशल मीडिया पर उसके हजारों फैन और फॉलोअर्स थे।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध और गमगीन नजर आ रहा है। महज 21 वर्ष की छोटी सी उम्र में आशु का इस तरह दुनिया से चले जाना परिवार, दोस्तों और उसके चाहने वालों के लिए किसी गहरे सदमे से कम नहीं है। जिस उम्र में आशु अपने सपनों को पूरा करने और जिंदगी की नई राह बनाने की तैयारी कर रहा था, उसी उम्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी की कहानी हमेशा के लिए खत्म कर दी।

जैसे ही आशु की मौत की खबर सामने आई, उसके चाहने वालों में भी शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 4
Wow Wow 0