युवाओं को नशे से बचाना और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी: गौरव गोयल
डॉ मौ उस्मान (मुख्य सम्पादक)
रुड़की। नगर के प्रमुख व्यापारी दीपक मित्तल एवं समाजसेवी रामगोपाल कंसल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सादगीपूर्ण कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, युवा पीढ़ी के सही मार्गदर्शन और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण विचार सामने आए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता, संस्कार और युवा पीढ़ी की सकारात्मक दिशा में निहित होती है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं और उन्हें शिक्षा, संस्कार एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए।
गौरव गोयल ने कहा कि धर्म, शिक्षा और समाजसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत किया जा सकता है। राष्ट्र की उन्नति में ही प्रत्येक नागरिक की प्रगति निहित है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत जीवन के आयोजनों से लेकर राष्ट्रीय पर्वों तक प्रत्येक अवसर हमें अपने राष्ट्र के प्रति दायित्वों की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों द्वारा स्थापित संस्कारों, सामाजिक मूल्यों और सकारात्मक विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्य समाज ने सदैव सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर दीपक मित्तल ने कहा कि समाज में सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाजसेवा के कार्यों को और व्यापक बनाया जा सकता है।
वहीं रामगोपाल कंसल ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा युवा पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। युवाओं को नई सोच, बेहतर संस्कार और सकारात्मक मार्गदर्शन देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत और आने वाले भारत की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दीपक मित्तल एवं रामगोपाल कंसल को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सामाजिक योगदान की कामना की।
इस अवसर पर अभिषेक चंद्रा, राजन गोयल, सागर गोयल, कविश मित्तल, अमित अग्रवाल, आदर्श गुप्ता, अमन गोयल, नितिन सिंघल एवं तुषार गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0