मंगलौर में बंद मकान की चोरी का पर्दाफाश, गाजियाबाद से चार आरोपी गिरफ्तार

Oct 4, 2026 - 07:26
Oct 4, 2026 - 07:26
 0
मंगलौर में बंद मकान की चोरी का पर्दाफाश, गाजियाबाद से चार आरोपी गिरफ्तार

मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदलहेड़ी में बंद मकान को निशाना बनाकर की गई लाखों रुपये की चोरी का मंगलौर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात समेत लगभग शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को ग्राम उदलहेड़ी निवासी रोहित पुत्र सतपाल ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके बंद मकान में अज्ञात चोरों ने घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 411/2026 के तहत धारा 305ए बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मंगलौर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की।

टीम ने घटनास्थल से मिले सुरागों, लगातार की गई सुरागरसी-पतारसी, संदिग्धों से पूछताछ और अन्य पुलिस कार्रवाई के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु पुत्र जसपाल निवासी दतियाना, थाना छपार, राहुल पुत्र बाले सिंह निवासी सोनिया बिहार, गाजियाबाद, रोहित पुत्र विनोद कुमार निवासी बागपत तथा नितीन कुमार पुत्र राजेश निवासी छपार, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का एक लॉकेट, एक जोड़ी टॉप्स, एक कंगन, सफेद धातु की छह पाजेब और तीन बिछुए बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार संख्या यूपी-14 एमटी-0350 भी पुलिस के हाथ लगी है। पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए माल की लगभग 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक गजपालराम, कांस्टेबल तेजपाल, आबिद, रणवीर और शहजाद के अलावा सीआईयू रुड़की के हेड कांस्टेबल मनमोहन एवं कांस्टेबल आशीष शर्मा शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0