रुद्रपुर में नकली NCERT किताबों का भंडाफोड़, 10 लाख पुस्तकों का जखीरा बरामद

Mar 18, 2026 - 08:17
 0
रुद्रपुर में नकली NCERT किताबों का भंडाफोड़, 10 लाख पुस्तकों का जखीरा बरामद

उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में नकली सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने भारी मात्रा में नकली NCERT की किताबें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार 14 मार्च को चेकिंग अभियान के दौरान आनंदम रिजॉर्ट के पास एक कंटेनर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में बड़ी संख्या में किताबें देख पुलिस को संदेह हुआ और तुरंत शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान किताबें नकली पाई गईं।

इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां से लगभग 10 लाख किताबों का जखीरा बरामद हुआ। जांच में गोदाम मालिक का नाम राजेश कुमार जैन सामने आया, जबकि गोदाम संदीप नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था।

पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि किताबें मेरठ से लाई गई थीं। ई-वे बिल न होने के कारण पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद गोदाम तक पहुंचकर यह बड़ी कार्रवाई की गई।

दिल्ली से आई NCERT की टीम ने जांच में पाया कि किताबों की छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिससे इनके नकली होने की पुष्टि हुई। इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

वहीं दीपम सेठ (पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड) ने पुलिस टीम के इस उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए 20,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0