हरिद्वार में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, इब्राहिमपुर बना रणभूमि

Apr 8, 2026 - 19:21
 0

हरिद्वार। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इब्राहिमपुर में एक पारिवारिक विवाद ने अचानक उग्र और हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप धारण कर लिया, जिसमें दोनों पक्षों के दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और लात-घूंसे से हुई इस जबरदस्त भिड़ंत ने पूरे गांव को कुछ ही देर में रणभूमि में बदल दिया।


घटना के दौरान करीब 6 से 8 लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, इस हिंसक झड़प के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रियासत और शोकित के बीच लंबे समय से चला आ रहा आपसी विवाद ही इस हिंसा की जड़ है।
पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही, क्षेत्र में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0