उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 वरिष्ठ IAS/IFS अधिकारियों के विभागों में बदलाव
देहरादून, 24 जुलाई। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वरिष्ठ आईएएस एवं आईएफएस अधिकारियों के दायित्वों में व्यापक फेरबदल किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के तहत कई महत्वपूर्ण विभागों में नए सचिवों की नियुक्ति की गई है। सचिव स्तर के अधिकारियों को परिवहन, पंचायती राज, वित्त, सूचना प्रौद्योगिकी, विद्यालयी शिक्षा, आबकारी, गन्ना विकास, सचिवालय प्रशासन तथा राज्य सम्पत्ति जैसे अहम विभागों की नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन का मानना है कि इस बदलाव से विभागों के कार्यों में तेजी आएगी तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिक जवाबदेह बनेगी।
आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव लालरिन लियाना फैनई से आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है। वहीं नितेश कुमार झा को पंचायती राज विभाग का सचिव बनाया गया है। रविनाथ रमन को परिवहन विभाग का सचिव एवं आयुक्त परिवहन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय को सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बनाया गया है।
इसी क्रम में बृजेश कुमार संत को आबकारी विभाग, डॉ. सुरेश नारायण पाण्डेय को गन्ना विकास एवं चीनी विभाग, ज्योति यादव को विद्यालयी शिक्षा (प्राथमिक एवं माध्यमिक), युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन, रणवीर सिंह चौहान को वित्त विभाग तथा अभिषेक रुहेला को राज्य सम्पत्ति विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में गति लाने, बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन दायित्व ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0