जनसुनवाई में 65 शिकायतों पर सुनवाई, 32 मामलों का मौके पर समाधान

Sep 28, 2026 - 21:31
 0
जनसुनवाई में 65 शिकायतों पर सुनवाई, 32 मामलों का मौके पर समाधान

हरिद्वार। जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 65 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र समाधान के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित कई अन्य समस्याएं लोगों ने अधिकारियों के सामने रखीं। पीतपुर निवासी ईसमपाल ने सार्वजनिक रास्ते पर अवैध रूप से दीवार खड़ी कर कब्जे का प्रयास किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं दीपगंगा अपार्टमेंट के निवासियों ने बिल्डर द्वारा किए गए वादे के अनुसार मंदिर, कम्युनिटी सेंटर, स्विमिंग पूल, पार्क सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

इसके अलावा सलेमपुर क्षेत्र के लोगों ने जर्जर मुख्य सड़क के निर्माण की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, वहां संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाएं और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी सख्ती

जनसुनवाई के साथ ही बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से शिकायतकर्ताओं से दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने और आवश्यकता पड़ने पर मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

समीक्षा के दौरान सामने आया कि सीएम हेल्पलाइन पर 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों में एल-1 स्तर पर 259 शिकायतें, जबकि एल-2 स्तर पर 97 शिकायतें लंबित हैं। अधिकारियों को इन शिकायतों का भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0