मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में लेन-देन के विवाद में महिला पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
मंगलौर। ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस ने ग्राम नाथूखेड़ी में महिला पर हुए जानलेवा हमले के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्पलेंडर मोटरसाइकिल और घटना के दौरान पहना गया गमछा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम नाथूखेड़ी निवासी उर्वशी ने 30 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी 37 वर्षीय मां पर गांव के ही लेनदेन के विवाद को लेकर शुभम पुत्र कृष्णपाल, निवासी ग्राम जाटोला, थाना देवबंद, सहारनपुर ने जान से मारने की नीयत से हमला किया था। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
तहरीर के आधार पर मंगलौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसपी ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
इसी बीच शनिवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलौर क्षेत्र से आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर हुई कहासुनी के बाद गुस्से में उसने महिला पर हमला किया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्पलेंडर मोटरसाइकिल और घटना के समय पहना गया गमछा बरामद कर लिया। कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0