मंगलौर: ब्राइट फ्यूचर इंटरनेशनल स्कूल में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल, विद्यार्थियों को सिखाए आग से बचाव के गुर
मंगलौर/अकबरपुर ढाढेकी।
ब्राइट फ्यूचर इंटरनेशनल स्कूल, अकबरपुर ढाढेकी में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फायर सेफ्टी जागरूकता एवं मॉक ड्रिल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रुड़की फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर श्री राजेश कुमार अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुंचे और सभी को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए।
प्रशिक्षण के दौरान फायर ऑफिसर श्री राजेश कुमार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) के सही उपयोग का प्रदर्शन किया तथा गैस सिलेंडर, विद्युत शॉर्ट सर्किट एवं अन्य कारणों से लगने वाली आग पर प्रारंभिक स्तर पर कैसे काबू पाया जाए, इसकी विस्तृत जानकारी दी।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यालय परिसर को सुरक्षित रूप से खाली कराने (इवैक्यूएशन) की प्रक्रिया का अभ्यास भी कराया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझावों को सीखा।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. मौ उस्मान ने कहा कि "विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने की व्यावहारिक समझ भी विकसित करते हैं। हम भविष्य में भी समय-समय पर फायर सेफ्टी, आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे, ताकि हमारे विद्यार्थी हर परिस्थिति का सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ सामना कर सकें।"
विद्यालय प्रबंधन ने रुड़की फायर स्टेशन की टीम एवं फायर ऑफिसर श्री राजेश कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन, सुरक्षा एवं जागरूकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0