भ्रष्टाचार के खिलाफ सुराज सेवादल का हल्ला बोल, EE कार्यालय का घेराव, घंटों धरना-प्रदर्शन कर दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
हिन्द की आवाज | विशेष रिपोर्ट
रूड़की। हिन्द की आवाज संवाददाता
विद्युत विभाग में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनहित के कार्यों में लापरवाही के विरोध में मंगलवार को रुड़की में सुराज सेवादल ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अधिशाषी अभियंता (EE) कार्यालय का घेराव कर घंटों धरना दिया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विद्युत विभाग में लंबे समय से भ्रष्टाचार, मनमानी और जनता के कार्यों की अनदेखी की जा रही है। कई बार शिकायतें और ज्ञापन देने के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर संगठन ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि "जनता के धन की बंदरबांट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भ्रष्टाचार पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो सुराज सेवादल पूरे उत्तराखंड में चरणबद्ध आंदोलन छेड़ेगा।"
इस दौरान संगठन की ओर से अधिशाषी अभियंता को मांगपत्र सौंपा गया, जिसमें विभागीय कार्यों की निष्पक्ष जांच, भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, दोषियों के निलंबन तथा विवादित कार्यों का सामाजिक ऑडिट कराए जाने की मांग की गई।
प्रदेश सचिव प्रधान मोहम्मद इंतजार ने कहा कि आम जनता महीनों से अपने विद्युत संबंधी कार्यों के लिए विभाग के चक्कर काट रही है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। आंदोलन में पीरपुरा, शिकारपुर, नगला इमरती, टांडा भन्हेडा, भावरी, नगला इमात, ठसका सहित कई गांवों के प्रधान, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
📌 प्रमुख मांगें
विद्युत विभाग में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच।
दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई।
सभी विवादित कार्यों का सामाजिक ऑडिट।
जनता के लंबित विद्युत संबंधी कार्यों का शीघ्र निस्तारण।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0