भगवानपुर में एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन का जनता दरबार, अपराधियों पर सख्ती के संकेत

Oct 23, 2026 - 20:31
 0
भगवानपुर में एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन का जनता दरबार, अपराधियों पर सख्ती के संकेत

हरिद्वार/भगवानपुर। जनसमस्याओं के समाधान और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भगवानपुर में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह सहित जनपद पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनता दरबार में आमजन की शिकायतें सुनी गईं और उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनता दरबार के दौरान एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने उपस्थित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। वहीं, एसएसपी नवनीत सिंह ने विभिन्न मामलों में मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में डॉ. मुरुगेशन ने स्पष्ट किया कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को अपराधों का एक प्रमुख कारण बताते हुए आमजन को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

एडीजी ने नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

झबरेड़ा क्षेत्र में स्कूल-कॉलेजों के बाहर दोपहिया और भारी वाहनों को लापरवाही से चलाने तथा प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल की शिकायत पर एडीजी ने गंभीर रुख अपनाया। एक ग्रामीण द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को मामले को गंभीरता से लेने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की सुरक्षा और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए डॉ. मुरुगेशन ने नागरिकों से अपने घरों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, जिम्मेदारी से वाहन चलाने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।

जनता दरबार में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर, क्षेत्राधिकारी रुड़की सहित हरिद्वार जनपद के देहात क्षेत्र के विभिन्न थानों के प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने जनसमस्याओं के समाधान, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0