यूटीयू पेपर लीक कांड में बड़ी कार्रवाई, सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, सेवा से भी बर्खास्त
देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद आरोपी को गुरुवार को सेवा से भी बर्खास्त कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें आरोप लगाया गया कि 3 जुलाई 2026 को सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए गए थे।
विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा समाप्त होने के बाद जब साझा किए गए प्रश्नों का वास्तविक प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो दोनों में काफी समानता पाई गई। इसके बाद गठित आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पाया कि परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न उपलब्ध कराए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने की मंशा से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की। शिकायत के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मु0अ0सं0 144/26 के तहत धारा 316, 318(4) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने त्वरित जांच के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य प्रमाणों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40 वर्ष) मूल रूप से शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0