प्रेम प्रसंग में मां बनी बाधा तो बेटी ने प्रेमी संग रची हत्या की साजिश, 18 घंटे में मंगलौर पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
मंगलौर:- 19 अगस्त 2026
मंगलौर कोतवाली पुलिस ने नहर पुल के पास मिले महिला के शव की हत्या की गुत्थी महज 18 घंटे में सुलझाते हुए सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग में मां को बाधा मानते हुए उसकी ही बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों आरोपियों ने महिला को ब्रेजा कार में बैठाकर हरिद्वार जाने की बात कही और रास्ते में उसकी हत्या कर शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंक दिया।
नहर पुल के पास मिला था अज्ञात महिला का शव
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को मंगलौर कोतवाली पुलिस को पुराना मंगलौर नहर पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए रुड़की मोर्चरी में रखवाया।
महिला की पहचान के लिए सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से प्रयास किए गए। बाद में अरविंद निवासी ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर ने शव की पहचान अपनी पत्नी कविता के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।
216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच करते हुए करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक ब्रेजा कार संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दी।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध कार की तलाश शुरू की। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस के सामने हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।
पुलिस जांच के मुताबिक, आकाश चौहान और मृतका की पुत्री उन्नति के बीच प्रेम प्रसंग था। मृतका अपनी बेटी को इस संबंध को लेकर लगातार समझाती थी। पुलिस के अनुसार, मां द्वारा प्रेम संबंध का विरोध किए जाने से उन्नति और उसका प्रेमी आकाश नाराज थे और दोनों ने महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने महिला को बुढ़ाना से ब्रेजा कार में बैठाया और हरिद्वार जाने की बात कही। रास्ते में दोनों ने महिला को पकड़ लिया और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंककर दोनों आरोपी फरार हो गए।
बेटी और प्रेमी गिरफ्तार, कार व चाकू बरामद
मंगलौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश चौहान पुत्र रविंद्र निवासी दूल्हेड़ा, पल्लवपुरम, मेरठ तथा उन्नति पुत्र अरविंद निवासी ग्राम ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार संख्या UP14EZ-5346 और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हत्या की गुत्थी सुलझाने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर, उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक अशोक सिवाल तथा महिला आरक्षी अंजू शामिल रहीं।
हिन्द की आवाज न्यूज |
निष्पक्ष पत्रकारिता • जनहित सर्वोपरि
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0