बहनों पर टिप्पणी बनी मौत की वजह, दोस्त ने ही पत्थर से की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा....

Feb 11, 2026 - 15:40
 0
बहनों पर टिप्पणी बनी मौत की वजह, दोस्त ने ही पत्थर से की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा....

हरिद्वार।

थाना कनखल क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज वारदात में मृतक के करीबी दोस्त को ही आरोपी बनाया गया है, जिसे पुलिस ने मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है।

7 फरवरी को श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी, थाना लक्सर (हाल निवासी लाटोवाली, कनखल) के रूप में की। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के निर्देश पर पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि मृतक शराब के ठेके से शराब खरीदकर एक स्कूटी सवार युवक के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। संदिग्ध की पहचान अरविन्द उर्फ शिवम पुत्र संदीप शर्मा, निवासी गोवर्धन, मथुरा (हाल निवासी लाटोवाली, कनखल) के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान नशे की हालत में कुनाल ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी कर दी और थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज होकर आरोपी ने पास पड़े भारी पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

इस पूरे मामले के खुलासे में थाना कनखल पुलिस, सर्विलांस टीम और नगर/रानीपुर पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई से ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी जल्द सुलझा ली गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0