मंगलौर नहर पटरी ब्लाइंड मर्डर का राजफाश, दोस्त ही निकला कातिल
मंगलौर। नहर पटरी पीर क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शराब की तलाश में हुई दोस्ती पैसों के लालच में हत्या में बदल गई। पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने पूरे प्रकरण का राजफाश किया।
17 फरवरी 2026 को पुराने पीर के पास मंगलौर नहर पटरी मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर कोतवाली मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची। शव के सिर पर गहरे घाव तथा पत्थर से कुचले जाने के निशान पाए गए। पहचान करने पर मृतक की पहचान घोसीपुरा मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर कोतवाली मंगलौर में मु0अ0सं0 110/2026 धारा 103(1) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर व सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल के आसपास वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को घटना वाले दिन सुबह मृतक को एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल से घटनास्थल की ओर जाते देखा गया। संदिग्ध की तलाश में पुलिस टीम देवबंद तिराहे के पास पहुंची और हुलिए से मिलते-जुलते एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पूछताछ में संदिग्ध ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि वह सराय ज्वालापुर में किराये के मकान में रहता है। 17 फरवरी को अपने घर मुजफ्फरनगर जाने के लिए रुड़की में इंतजार करते समय उसका शराब पीने का मन हुआ और वह बस अड्डे के पास देशी शराब के ठेके पर गया। वहीं उसकी मुलाकात मृतक प्रदीप से हुई। ठेका बंद होने पर दोनों रामपुर चुंगी स्थित ठेके से शराब खरीदकर नहर पटरी होते हुए पीर के पास बाग में बैठकर शराब पीने लगे। बातचीत के दौरान आरोपी को पता चला कि प्रदीप के पास नकदी है। पैसों की तंगी और लालच में उसने नशे में धुत प्रदीप का गला दबाकर उसे नीचे गिरा दिया और पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से खून से सनी जैकेट, हत्या में प्रयुक्त पत्थर तथा लूटी गई 20 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई जारी है। आरोपी की पहचान विनायक त्यागी पुत्र विजेन्द्र त्यागी, निवासी बरला थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर, हाल पता ग्राम सराय ज्वालापुर, कोतवाली ज्वालापुर जिला हरिद्वार, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस टीम को आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, लूटी गई 20 हजार रुपये नकदी, खून से सनी जैकेट आदि बरामद कर ली है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, व0उ0नि0 मनोज गैरोला, उ0नि0 प्रवीण बिष्ट, उ0नि0 अशोक सिरसवाल, अ0उ0नि0 श्यामबाबू, है0का0 माजिद खान, है0का0 अमित शर्मा। व सीआईयू टीम: उ0नि0 संजय पुनिया, अ0उ0नि0 अश्वनी यादव, है0का0 मनमोहन भण्डारी, का0 महिपाल तोमर, का0 राहुल, का0 अजय काला, का0 उबैद आदि शामिल रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के दौरान हुई पहचान के बाद लालच में आकर वारदात को अंजाम दिया। मामले के खुलासे से क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाली घटना का पर्दाफाश हो गया है
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0