पिरान कलियर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जनसेवा केन्द्र की आड़ में बन रहे थे फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, एक गिरफ्तार..

Feb 20, 2026 - 14:51
 0
पिरान कलियर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जनसेवा केन्द्र की आड़ में बन रहे थे फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, एक गिरफ्तार..

हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों एवं एसएसपी नवनीत सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद हरिद्वार में चलाए जा रहे सघन सत्यापन एवं चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जनसेवा केन्द्र की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।

19 फरवरी 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने स्थानीय अभिसूचना इकाई के सहयोग से पिरान कलियर क्षेत्र में चारमीनार के पीछे स्थित अलीशान होटल में ‘शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केन्द्र’ के नाम से संचालित कार्यालय में छापेमारी की। मौके पर एक युवक स्थानीय व बाहरी राज्यों के लोगों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बनाता हुआ मिला। पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को थाना साहिबगंज, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) का निवासी बताते हुए मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष होने का दावा किया। जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा जारी किए गए जन्म प्रमाण पत्रों पर सभी में सीरियल नंबर 1 अंकित था तथा उत्तराखंड राज्य का लोगो और उत्तराखंड सरकार का नाम अंग्रेजी व हिंदी में छपा हुआ था। अधिकांश प्रमाण पत्र हरिद्वार जनपद के निवासियों के नाम पर बनाए गए थे और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम रुद्रपुर के लेटरपैड पर जारी दर्शाए गए थे।

नगर पंचायत पिरान कलियर के ईओ से संपर्क कर प्रमाण पत्रों की पुष्टि कराई गई, जिन्होंने स्पष्ट किया कि प्रमाण पत्रों पर लगे हस्ताक्षर उनके नहीं हैं और ये दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं। साथ ही आरोपी के पास से बरामद मानवाधिकार आयोग का पहचान पत्र भी जांच में फर्जी पाया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी शहनवाज ने स्वीकार किया कि वह कुछ दस्तावेज स्वयं ऑनलाइन तैयार करता था तथा कुछ दस्तावेज ऑनलाइन मंगाकर प्रिंट निकालकर लोगों को देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी अब तक लगभग एक हजार से अधिक जन्म प्रमाण पत्र एवं अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर चुका हैं। आरोपी शहनवाज पुत्र मौ. प्यारे, निवासी ग्राम दाउदपुर, थाना साहिबगंज, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), का रहने वाला है और फिलहाल अलीशान होटल पिरान कलियर, जिला हरिद्वार में रहता है। 

आरोपी के पास से  45 कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र, एक लैपटॉप व चार्जर, एक माउस, एक मोबाइल फोन (Redmi), 06 आधार कार्ड, 07 अलग-अलग मोहरें, मानवाधिकार आयोग का फर्जी पहचान पत्र पुलिस को मिला है। 

इस संबंध में थाना कोतवाली पिरान कलियर पर मु0अ0सं0-29/2026 धारा 336(3), 338, 339 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसओ रविन्द्र कुमार, व0उ0नि0 सुनील पंत, उ0नि0 उपेन्द्र सिंह, हे0का0 रविन्द्र वालियान, का0 जितेन्द्र सिंह, चालक का0 नीरज राणा तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई की टीम की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के दस्तावेज केवल अधिकृत व वैध केंद्रों से ही बनवाएं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0