देहरादून में नकल गिरोह का भंडाफोड़, कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा में हाईटेक नकल का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार...
देहरादून।
देहरादून में उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकल गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह भारत सरकार द्वारा आयोजित कर्मचारी चयन आयोग (SSC) मल्टी टास्किंग भर्ती परीक्षा-2025 में आधुनिक तकनीक के जरिए नकल कराने का काम कर रहा था। उत्तराखंड एसटीएफ और उत्तरप्रदेश एसटीएफ की संयुक्त टीम ने महादेव डिजिटल जोन स्थित एम.के.पी इंटर कॉलेज परिसर में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान परीक्षा लैब के पास बने यूपीएस रूम में 24×24 इंच का एक अंडरग्राउंड चैंबर (गड्ढा) मिला, जिसमें दो लैपटॉप और राउटर स्वचालित अवस्था में चल रहे थे। इन्हीं उपकरणों के माध्यम से परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र हल करने में मदद की जा रही थी। एसटीएफ टीम ने तकनीकी व फॉरेंसिक उपकरणों की मदद से सभी सिस्टम को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
इस अवैध गतिविधि में संलिप्त दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया— नीतिश कुमार पुत्र चंद्रभान गौड़ निवासी— भाटपार रानी, देवरिया (उ.प्र.), हाल निवासी— नागलोई, दिल्ली व भास्कर नैथानी पुत्र दिनेश चंद्र नैथानी निवासी— नथुवावाला, देहरादून
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ टीम ने मौके से— 02 डेल लैपटॉप, 01 ईथरनेट कनेक्टर एडेप्टर (Zebronics)
02 ईथरनेट केबल (CAT-06)
01 डिजीसोल राउटर व चार्जर
पीएनटी केबल कनेक्टिंग बॉक्स
04 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी मसूरी जगदीश चंद्र पंत ने किया। टीम में निरीक्षक नंदकिशोर भट्ट सहित उत्तराखंड व उत्तरप्रदेश एसटीएफ के कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसटीएफ की तत्परता से नकल माफिया पर करारा प्रहार हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0