विकास कार्यों के बोर्ड बने निशाना: पिरान कलियर में सरकारी संपत्ति से छेड़छाड़ पर सभासद ने उठाई आवाज

Jun 14, 2026 - 16:20
 0
विकास कार्यों के बोर्ड बने निशाना: पिरान कलियर में सरकारी संपत्ति से छेड़छाड़ पर सभासद ने उठाई आवाज

पिरान कलियर, हरिद्वार। नगर पंचायत पिरान कलियर में सरकारी विकास कार्यों से जुड़े सूचना बोर्डों के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वार्ड नंबर-1 के सभासद अमजद अली ने इस संबंध में कोतवाली पिरान कलियर प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सभासद अमजद अली का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा कराए गए सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों के उपरांत लगाए गए सरकारी सूचना बोर्डों को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। कई स्थानों पर बोर्डों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, जबकि कुछ बोर्डों पर अंकित सभासद एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि के नामों को काले पेंट अथवा अन्य माध्यमों से मिटाने का प्रयास किया गया है।

शिकायत के अनुसार वार्ड क्षेत्र में तीन से चार सरकारी बोर्डों के साथ इस प्रकार की छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आई हैं। इससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि जनता तक विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

सभासद ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि यह कृत्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ सरकारी कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

अमजद अली ने कहा कि सार्वजनिक धन से किए गए विकास कार्यों और उनसे संबंधित सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा करना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। ऐसे कृत्यों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

अब पूरे मामले पर लोगों की नजरें टिकी हैं कि पुलिस जांच के बाद सरकारी बोर्डों से छेड़छाड़ करने वाले तत्वों तक कब पहुंचती है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0