हरिद्वार में पेट्रोल पंप लूट का खुलासा, पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी

Sep 27, 2026 - 20:31
 0
हरिद्वार में पेट्रोल पंप लूट का खुलासा, पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी

हरिद्वार। भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूट की रकम में से 3,000 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर की रात दोनों आरोपी पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले मोटरसाइकिल में 40 रुपये का पेट्रोल भरवाया और कर्मचारी को 200 रुपये का नोट दिया। कर्मचारी द्वारा 160 रुपये वापस करने के बाद आरोपियों ने उसके हाथ में मौजूद करीब 9,500 रुपये की नकदी झपट ली।

लूट के बाद जब पेट्रोल पंप कर्मचारी ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने कथित तौर पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और बाइक से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

लगातार की जा रही जांच और निगरानी के बीच 26 सितंबर की देर रात सिकंदरपुर सिरचंदी मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक इतिहास समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0