पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, खेत में काम कर रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला...
रुड़की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घोसीपुरा में वर्षों पुरानी आपसी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम घोसीपुरा निवासी हाकम अपने खेत में किसी कार्य के सिलसिले में पहुंचे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के लोग वहां आ गए। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में तब्दील हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने हाकम पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर हाकम के परिजन दिलशाद मौके पर बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन हमलावरों का गुस्सा उन पर भी फूट पड़ा। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में दिलशाद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल, रुड़की भेजा गया। चिकित्सकों ने हाकम की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि दिलशाद का उपचार सरकारी अस्पताल में जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियातन गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0