नगला इमरती में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तीन की मौत—छह घायल

Sep 27, 2026 - 21:55
 0
नगला इमरती में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तीन की मौत—छह घायल

रुड़की। रविवार शाम नगला इमरती के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। करीब शाम 4:30 बजे ई-रिक्शा और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में ई-रिक्शा सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, ढंडेरा के मिलाप नगर निवासी एक परिवार ई-रिक्शा से लक्सर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। परिवार अभी नगला इमरती के पास पहुंचा ही था कि सामने से तेज गति से आ रही कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे में दिलशाद (32) पुत्र आयूब, अरशद (30) पुत्र रईस अहमद और पांच वर्षीय उमर पुत्र दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं खातिजा (30), नाजमा, आयत (9), आरम (6), आनस (3) और अमायरा (3) घायल बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए विनय विशाल अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी का उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

उधर, हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई। अपनों को खोने के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं शादी समारोह की खुशियां देखते ही देखते मातम में तब्दील हो गईं।

नगला इमरती प्रधान एवं भाजपा नेता रवि राणा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

लक्सर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा परिवार शायद यह सोचकर घर से निकला था कि शाम खुशियों के बीच बीतेगी, लेकिन नगला इमरती के पास हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए गम में बदल दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0