मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, पांच वाहनों में टक्कर के बाद लगी आग, एक महिला की दर्दनाक मौत...

Mar 9, 2026 - 10:06
 0
मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, पांच वाहनों में टक्कर के बाद लगी आग, एक महिला की दर्दनाक मौत...

 ट्रक, कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली जलकर खाक, कई किलोमीटर लंबा जाम; दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों बाद पाया आग पर काबू

हरिद्वार:  हरिद्वार में रविवार देर रात मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया। पांच वाहनों की आपस में जोरदार भिड़ंत के बाद आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस, कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि एक एक्सयूवी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 की रात करीब 9:45 बजे मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही देर में वाहनों में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मायापुर से तीन फायर यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए फायर स्टेशन ऋषिकेश और लालतप्पड़ से भी दमकल की टीमों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने फोम का इस्तेमाल करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे के दौरान एक महिला का आधा शरीर ट्रक के नीचे फंस गया था। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद क्रेन और जेसीबी मशीन की मदद से महिला के शव को बाहर निकाला। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

दमकल कर्मियों और प्रशासन की टीमों ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य चलाया। फिलहाल हादसे के कारणों, कुल नुकसान तथा घायलों और मृतकों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार और अग्निशमन अधिकारी मायापुर मौजूद रहे तथा राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0