हाईवे पर दर्दनाक हादसा: शव उठाने पहुंची एम्बुलेंस को ट्रक ने मारी टक्कर, दो पुलिसकर्मी गंभीर घायल
मंगलौर/नारसन। दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। नारसन चौकी क्षेत्र के मंडावली गांव के समीप ड्यूटी के दौरान सड़क किनारे खड़ी एम्बुलेंस को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाज़ुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मंडावली गांव के निकट हाईवे किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर नारसन चौकी पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची थी। पुलिसकर्मी शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस में रखवाने की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे, तभी अचानक तेज गति से आए एक ट्रक ने खड़ी एम्बुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को नजरअंदाज करते हुए सीधे एम्बुलेंस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग सहम उठे।
हादसे में हेड कांस्टेबल सहंसर पाल और होमगार्ड लोमस गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हेड कांस्टेबल सहंसर पाल की गंभीर हालत और अंदरूनी चोटों को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि होमगार्ड लोमस का उपचार रुड़की में ही जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बढ़ते खतरे और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0