ज्वालापुर में नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रशासन की सख्ती, दो मेडिकल स्टोर सील, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति...
हरिद्वार।
नार्कोटिक एवं मन प्रभावी औषधियों की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 11 फरवरी 2026 को अपर आयुक्त, फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, उत्तराखंड, देहरादून के निर्देशों पर उप औषधि नियंत्रक द्वारा गठित त्वरित कार्यवाही दल (QRT) ने ज्वालापुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
“सेफ ड्रग, सेफ लाइफ अभियान” के अंतर्गत वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनीता भारती के नेतृत्व में कोडीन युक्त कफ सिरप एवं स्वापक तथा मन प्रभावी औषधियों की अवैध बिक्री की रोकथाम हेतु औषधि विक्रेताओं की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान सराय रोड स्थित वैभव मेडिकोज तथा आर्यनगर स्थित कुमार केमिस्ट में क्रय-विक्रय अभिलेख उपलब्ध न कराए जाने सहित गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। नियमों के उल्लंघन पर दोनों फर्मों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए उन्हें बंद करा दिया गया।
प्रशासन द्वारा दोनों फर्मों के औषधि विक्रय लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जाएगी। इसके साथ ही मौके पर चार अन्य फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जनहित एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई है तथा जिले में इस प्रकार की प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि नशीली एवं मन प्रभावी दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण दल में औषधि निरीक्षक हरीश सिंह, विनोद जगुड़ी, ऋषभ धामा, हार्दिक भट्ट एवं मेघा शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0