आधी रात में डीएम हरिद्वार का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सख्त रुख

Feb 26, 2026 - 12:24
 0
आधी रात में डीएम हरिद्वार का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सख्त रुख

हरिद्वार। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देर रात औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक सक्रियता का सशक्त संदेश दिया। डीएम ने उप जिला मेला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की हकीकत परखी। पहले डीएम उप जिला मेला चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों से भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वार्डों में पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद किया। उपचार, दवाइयों और भोजन व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया। तीमारदारों ने बताया कि उपचार संतोषजनक है और भोजन समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए बेडशीट और कंबलों की नियमित धुलाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को मरीजों के लिए नए कंबल खरीदने और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। इसके पश्चात डीएम जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे और सभी वार्डों का निरीक्षण किया। लेबर रूम का जायजा लेते हुए उन्होंने प्रसव हेतु भर्ती महिलाओं की स्थिति जानी। ड्यूटी पर तैनात डॉ. शिवंशी ने बताया कि दो महिलाएं प्रसव के लिए भर्ती हैं, जबकि 13 महिलाओं का प्रसव हो चुका है और वे अस्पताल में भर्ती हैं।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रसव के मामलों में अनावश्यक रेफर न किया जाए और सभी गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बेहतर रखने, सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने, खराब विद्युत लाइटों को शीघ्र ठीक कराने, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने और खराब वाटर कूलर को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने साइन बोर्ड बदलने, वेटिंग एरिया में एलईडी टीवी दुरुस्त रखने तथा सफाई कर्मचारियों को वर्दी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। महिला चिकित्सालय में एम्बुलेंस और 108 सेवा हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश देते हुए डीएम ने दो टूक कहा कि मरीजों की सुविधा और उपचार व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम के आधी रात किए गए इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा रहा। प्रशासन की इस सख्ती को जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0