तीन हफ्तों में चार हत्याएं, राजधानी में बढ़ता अपराध — कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल...
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ते अपराधों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। बीते तीन हफ्तों में चार हत्याओं की घटनाओं ने शहर को दहला दिया है। हत्या, गोलीकांड और शव मिलने की घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुबह-सुबह दो सनसनीखेज वारदातों से मची अफरा-तफरी, शुक्रवार सुबह शहर में दो अलग-अलग घटनाओं ने दहशत फैला दी। सिल्वर सिटी क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि चंद्रमणि श्मशान घाट के पास गंदे नाले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
गोलीकांड में मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल अवस्था में उसका शव इमारत की सीढ़ियों पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही देहरादून पुलिस हरकत में आ गई। गढ़वाल रेंज के आईजी और एसएसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई।
दूसरी ओर, नाले में शव मिलने की सूचना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर प्रशासन पर नाराजगी जताई। पुलिस फिलहाल शव की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई आपसी संबंध है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने 24 घंटे के भीतर गोलीकांड का खुलासा करते हुए कलयुगी मां सहित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की थी। लेकिन इसके बावजूद एक बार फिर अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।
लगातार हो रही हत्याओं और आपराधिक घटनाओं से राजधानी के लोग भय के साए में जीने को मजबूर हैं। आम नागरिकों का कहना है कि पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की गहन जांच जारी है। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए अपराधियों तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0