ई-मेल से मचा हड़कंप उत्तराखंड में अदालतों को बम से उड़ानें की मिली धमकी, जांच के बाद राहत
उत्तराखंड
जनपद नैनीताल में जिला एवं सत्र न्यायाधीश की आधिकारिक ईमेल पर न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार सुबह प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और एहतियातन कई न्यायालय परिसरों को खाली कराया गया।
शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि सुबह 8:41 बजे प्राप्त ईमेल को 10 बजे खोलने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद प्रशासन ने बिना देरी किए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संभावित खतरे को देखते हुए हल्द्वानी और रामनगर सहित नैनीताल के सभी प्रमुख न्यायालय परिसरों को खाली करा लिया गया। वकीलों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
मौके पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्तों को बुलाया गया। पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। कई घंटों तक चली जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह केवल एहतियाती कार्रवाई थी। फिलहाल किसी भी प्रकार का खतरा नहीं पाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान की कोशिश जारी है।
लगभग दोपहर 2 बजे जांच पूरी होने के बाद न्यायालय परिसरों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया। इसके बाद न्यायिक कार्य सामान्य रूप से दोबारा शुरू कर दिए गए। यह घटना न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था और साइबर निगरानी की गंभीरता को दर्शाती है। प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। साथ ही, यह मामला भविष्य में ऐसे खतरों से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है। प्रशासन की तत्परता से हालात पर काबू पाया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0