जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई :- 87 शिकायतें दर्ज, 42 का मौके पर निस्तारण

Jan 6, 2026 - 00:20
Jan 6, 2026 - 00:26
 0
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई :- 87 शिकायतें दर्ज, 42 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार:- हरिद्वार जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 87 शिकायतें/समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 42 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, पेयजल, सड़क, नाली, अवैध खनन सहित अनेक विषयों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। केशवधाम आन्नेकी हेतमपुर के ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। वहीं कनखल निवासी ललित राजपूत ने बस स्टैंड के निकासी गेट पर अवैध रूप से लगाए गए चाय के स्टॉल व फल ठेली को हटवाने की मांग की।

ज्वालापुर के मोहल्ला तेलियान के निवासियों ने सड़क के दोनों ओर नालियों पर अतिक्रमण के कारण जलभराव की समस्या से अवगत कराया। पिरान कलियर निवासी जुल्फिकार अहमद ने अपनी भूमि की पुलिस बल की मौजूदगी में पैमाइश कराए जाने का अनुरोध किया। इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र, अन्त्योदय राशन कार्ड, बीपीएल चावल की काला बाज़ारी, घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग, सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण, अवैध खनन एवं भूमि पैमाइश से संबंधित कई शिकायतें दर्ज की गईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई शिकायतकर्ता उसी शिकायत को लेकर दोबारा जनसुनवाई में आता है और संबंधित अधिकारी द्वारा समय पर समाधान नहीं किया गया, तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता से पोर्टल के माध्यम से संवाद भी सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा में पाया गया कि एल 1 पर 541 तथा एल 2 पर 57 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, अधीक्षण अभियंता डीके सिंह, मुख्य वित्त अधिकारी अजय कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, एआरटीओ नेहा झा, डीएसओ श्याम आर्य, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0