सदन में गूंजा किसानों को मुफ्त बिजली देने का मुद्दा, बैनर लेकर वेल में पहुंचे विधायक.......

Mar 11, 2026 - 10:29
Mar 11, 2026 - 10:45
 0
सदन में गूंजा किसानों को मुफ्त बिजली देने का मुद्दा, बैनर लेकर वेल में पहुंचे विधायक.......

रुड़की/गैरसैंण।
गैरसैंण में चल रहे बजट सत्र के दौरान किसानों को मुफ्त बिजली देने की मांग जोरदार तरीके से उठाई गई। खानपुर विधायक उमेश कुमार और झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने किसानों के हितों को लेकर सदन में आवाज बुलंद की। इस दौरान दोनों विधायक बैनर लेकर सदन के वेल में पहुंच गए और सरकार से किसानों को मुफ्त बिजली देने की मांग की।

खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि प्रदेश का किसान पहले से ही महंगाई, बढ़ती खेती की लागत और प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहा है। ऐसे में किसानों को राहत देने के लिए सरकार को बिजली पूरी तरह मुफ्त करनी चाहिए, ताकि खेती की लागत कम हो सके और किसानों को आर्थिक मजबूती मिल सके।

वहीं झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि उत्तराखंड का किसान सीमित संसाधनों के बावजूद खेती कर रहा है, लेकिन बिजली के बढ़ते बिलों ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में किसानों के हितों के लिए गंभीर है तो प्रदेश के किसानों को मुफ्त बिजली देने की घोषणा करनी चाहिए।

दोनों विधायकों ने स्पष्ट कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक किसानों को राहत नहीं मिलती, तब तक वे सदन से लेकर सड़क तक आवाज उठाते रहेंगे। इस मुद्दे को लेकर सदन में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति भी बनी रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0