सिडकुल में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़ नौकरीपेशा और पढ़े-लिखे युवक निकले झपट्टामार, 6 मोबाइल बरामद।

Feb 1, 2026 - 20:27
 0
सिडकुल में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़  नौकरीपेशा और पढ़े-लिखे युवक निकले झपट्टामार, 6 मोबाइल बरामद।

हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में लगातार हो रही मोबाइल झपटमारी की घटनाओं से परेशान आम लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। सिडकुल पुलिस ने त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए मोबाइल स्नैचिंग में सक्रिय एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जुड़े तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल के सख्त निर्देशों के बाद जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया था। इसी क्रम में सिडकुल थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त तीन युवकों को दबोच लिया, जो राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे।

थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से झपटमारी और चोरी के कुल 06 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद मोबाइलों में से तीन पहले से दर्ज मुकदमों से संबंधित हैं, जिनके आधार पर मामलों में धाराओं की बढ़ोतरी की गई है, जबकि शेष तीन मोबाइलों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मेट्रिक और ग्रेजुएट हैं तथा सिडकुल की विभिन्न कंपनियों में नौकरी करते थे। इसके बावजूद उन्होंने आसान पैसे के लालच में अपराध का रास्ता अपनाया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र रामचन्द्र, निवासी राजा बिस्कुट चौक, थाना सिडकुल, मूल निवासी ग्राम घंघेड़ी, थाना किरतपुर, बिजनौर (उ.प्र.), उम्र 24 वर्ष।

अभिनव पुत्र हुकम सिंह, निवासी महादेवपुरम कॉलोनी, थाना सिडकुल, मूल निवासी ग्राम इब्राहिमपुर, थाना धामपुर, बिजनौर, उम्र 21 वर्ष।

दीपू कुमार पुत्र बिश्मबर, निवासी महादेवपुरम, थाना सिडकुल, मूल निवासी ग्राम हरिपुर गोकल, थाना अफजलगढ़, बिजनौर (उ.प्र.), उम्र 25 वर्ष।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम मे थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा, अ०उ०नि अनिल कुमार, अ०उ०नि संजय चौहान, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, देशराज, कांस्टेबल कुलदीप, प्रमोद गोस्वामी, प्रदीप, गजेन्द्र।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0