आईएमए में गूंजा ‘अंतिम पग’, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की मौजूदगी में 515 युवा अधिकारी बने राष्ट्र की नई शक्ति, 9 महिला कैडेटों ने रचा इतिहास"
देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून के ऐतिहासिक चेटवुड भवन में शनिवार को गौरव, अनुशासन और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारत की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने पासिंग आउट परेड की सलामी लेकर 515 नवप्रशिक्षित सैन्य अधिकारियों को राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर 481 भारतीय तथा 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर अधिकारी बने।
आईएमए के 158वें नियमित और 141वें तकनीकी स्नातक पाठ्यक्रम की इस भव्य परेड में कदमताल करते कैडेटों का उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था। परेड के समापन के साथ ही सभी कैडेटों ने राष्ट्र रक्षा का दायित्व संभालते हुए सेना में अधिकारी के रूप में अपना नया सफर शुरू किया।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारतीय सेना केवल सीमाओं की सुरक्षा करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि देशवासियों के विश्वास, सम्मान और आकांक्षाओं की भी संरक्षक है। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
इस बार की पासिंग आउट परेड कई मायनों में ऐतिहासिक रही। पहली बार 9 महिला कैडेटों ने प्रशिक्षण पूरा कर अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया। राष्ट्रपति ने इसे भारतीय सैन्य इतिहास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए आईएमए के इतिहास का ‘वाटरशेड मोमेंट’ करार दिया।
समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कैडेटों के परिजन उपस्थित रहे। वर्षों की कठिन मेहनत और कठोर सैन्य प्रशिक्षण के बाद अपने बेटों और बेटियों को सैन्य अधिकारी बनते देख परिजनों की आंखों में गर्व और भावनाएं साफ झलक रही थीं।
आईएमए की यह पासिंग आउट परेड केवल सैन्य परंपराओं का भव्य प्रदर्शन नहीं रही, बल्कि महिला सशक्तिकरण, अंतरराष्ट्रीय सैन्य सहयोग और युवा नेतृत्व के नए अध्याय की भी साक्षी बनी। राष्ट्र सेवा का संकल्प लेकर निकले ये युवा अधिकारी आने वाले समय में देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की रक्षा की मजबूत नींव बनेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0