सिंहद्वार–कांवड़ पटरी मार्ग पर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, सफाई व सौंदर्यकरण कार्यों में तेजी के आदेश...

Jan 30, 2026 - 15:28
 0
सिंहद्वार–कांवड़ पटरी मार्ग पर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, सफाई व सौंदर्यकरण कार्यों में तेजी के आदेश...

हरिद्वार 

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी हरिद्वार जनपद को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आज सिडकुल, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सिंहद्वार से पुल जटवाड़ा तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और चल रहे सफाई एवं सौंदर्यकरण कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग के आसपास बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल एवं सड़क की मरम्मत शीघ्र कराने के आदेश दिए। इसके साथ ही क्षेत्र में उगी झाड़ियों को तत्काल हटाने तथा सीएसआर के माध्यम से पौधारोपण को गति देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ पटरी मार्ग श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में इस मार्ग का दुरुस्तीकरण एवं सौंदर्यकरण आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान सिंहद्वार पुल के आसपास अतिक्रमण कर लगाई गई फड़, ठेली एवं अस्थाई दुकानों पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर निगम अधिकारियों को इन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जाए और यदि कोई दोबारा अतिक्रमण करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सिंहद्वार से कांवड़ पटरी मार्ग पर सीएसआर के तहत एकम्स कंपनी एवं हीरो कंपनी द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने दोनों कंपनियों के अधिकारियों को सफाई एवं सौंदर्यकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर निगम क्षेत्र में सफाई अभियान में पाई गई ढिलाई पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को चेताया कि सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखते हुए स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करें। इस अवसर पर सिडकुल के आरएम कमल किशोर कफल्टिया, एकम्स कंपनी के जीएम केडी शर्मा, हीरो कंपनी के एचआर हेड पंकज भट्ट, हरीश नौटियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0