जनपद में स्वच्छता अभियान को मिलेगी नई रफ्तार मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश.

Jan 19, 2026 - 16:15
 0
जनपद में स्वच्छता अभियान को मिलेगी नई रफ्तार  मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश.

हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श जनपद बनाने की दिशा में चलाए जा रहे व्यापक स्वच्छता अभियान की जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद में पिछले दो माह से चल रहे स्वच्छता अभियान में अब और अधिक तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों को रोस्टर जारी किया गया है और प्रत्येक अधिकारी अपने निर्धारित दायित्व का पूर्ण निष्ठा से पालन करे। साथ ही अपने आसपास के नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करें, ताकि हरिद्वार को एक स्वच्छ जनपद के रूप में स्थापित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से सफाई अभियान सुनिश्चित कराया जाए। वहीं जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए तथा अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखा जाए।

उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों के सहयोग से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सहायक परियोजना निदेशक को महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में सफाई अभियान संचालित करने को कहा।

वन विभाग को वन क्षेत्रांतर्गत विशेष सफाई अभियान चलाने तथा नगर निगम को नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैरागी कैंप क्षेत्र में आयोजित हो रहे समारोह को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने बैरागी कैंप से लेकर शांतिकुंज (भूपतवाला) तक प्रतिदिन सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा फैलाते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध उचित कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, पूर्व अध्यक्ष आईएमए डॉ. विकास दीक्षित, एसडीओ वन विभाग पूनम कैथोला, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, उप मुख्य अधिकारी नगर निगम दीपक गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0