ज्वालापुर कोतवाली को मिला प्रदेश में पहला स्थान, एसएसपी कैंप पहुंची ट्रॉफी....

Jan 27, 2026 - 16:08
Jan 27, 2026 - 16:08
 0
ज्वालापुर कोतवाली को मिला प्रदेश में पहला स्थान, एसएसपी कैंप पहुंची ट्रॉफी....

प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ कोतवाली बनी ज्वालापुर, एसएसपी ने किया सम्मानित, गणतंत्र दिवस-2026 पर उत्कृष्ट सेवा के लिए मिला राज्य स्तरीय सम्मान

हरिद्वार। गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखण्ड की सर्वश्रेष्ठ कोतवाली का खिताब प्राप्त करने के बाद कोतवाली ज्वालापुर की ट्रॉफी सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के कैंप कार्यालय पहुंची। वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेंद्र गंगवार पुलिस टीम के साथ ट्रॉफी लेकर कैंप कार्यालय पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने टीम से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उत्कृष्ट कार्य के लिए गुड इंट्री के साथ ₹2500/- नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। एसएसपी ने कहा कि ज्वालापुर कोतवाली का यह प्रदर्शन पूरे जनपद के लिए प्रेरणास्रोत है।

गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं उत्तराखण्ड पुलिस महानिदेशक द्वारा हरिद्वार जनपद की कोतवाली ज्वालापुर को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उत्कृष्ट सेवा ट्रॉफी से सम्मानित किया गया था। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा को विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया।

प्रदेश स्तर पर मिली इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में सोमवार को कोतवाली परिसर में भी धूमधाम से ट्रॉफी सेरेमनी आयोजित की गई, जिसमें पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने अन्य थाना प्रभारियों को भी अपने कार्यप्रदर्शन में निरंतर सुधार लाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशीलता ही पुलिस की पहचान है।

कप्तान स्तर से मिली इस सराहना और राज्य स्तरीय सम्मान से न केवल ज्वालापुर पुलिस का मनोबल बढ़ा है, बल्कि पूरे हरिद्वार पुलिस महकमे में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को भी नई मजबूती मिली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1